खबरें शेयर करें -

अल्ट्रासाउंड–एक्स-रे तक को तरसे सरकारी अस्पताल, अपनी ही सरकार को आईना दिखा रहे विधायक राम सिंह कैड़ा!
दर्पण न्यूज 24/7 भीमताल।
सरकार भले ही विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि आज भी देवभूमि के कई सरकारी अस्पताल मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं से महरूम हैं। भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा की हालिया मांग ने खुद सरकार के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विधायक कैड़ा ने कहा कि उनके लगातार प्रयासों के बाद ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के अस्पतालों में जल्द ही अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस मुद्दे को वे विधानसभा में उठाते रहे हैं और अब जाकर इस दिशा में ठोस पहल हुई है।
कैड़ा ने कहा कि अब तक इन ब्लॉकों के अस्पतालों में ऐसी जरूरी सुविधाएं नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी जांच के लिए हल्द्वानी या नैनीताल तक लंबा सफर तय करना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा दिया है कि प्रदेश के हर ब्लॉक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीनें लगाई जाएंगी और उन्हें संचालित करने के लिए रेडियोलॉजिस्ट की भी नियुक्ति की जाएगी।
विधायक ने कहा कि यह वर्षों से चली आ रही समस्या है, जिसके समाधान की दिशा में अब कदम उठाए जा रहे हैं।
हालांकि बड़ा सवाल यही है कि जब सत्ता पक्ष के विधायक को ही अपने क्षेत्र के अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं के लिए बार-बार आवाज उठानी पड़े, तो प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विकास के सरकारी दावे आखिर कितने मजबूत हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों के लोग उम्मीद कर रहे हैं कि यह घोषणा केवल कागजों तक सीमित न रह जाए और जल्द ही अस्पतालों में मशीनें और विशेषज्ञ डॉक्टर भी तैनात किए जाएं, ताकि मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।

उत्तराखंड