खबरें शेयर करें -

उत्तराखण्ड लोक विरासत महोत्सव में बिखरी पहाड़ की संस्कृति की रंगीन छटा!
लोकगायक कमल सिंह मेहरा के गीतों पर झूमे दर्शक, विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां!
दर्पण न्यूज 24/7, हल्दूचौड़।
लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय, हल्दूचौड़ में 13 से 14 मार्च 2026 तक हल्दूचौड़ ऑनलाइन संस्था द्वारा आयोजित दो दिवसीय उत्तराखण्ड लोक विरासत महोत्सव का भव्य और रंगारंग समापन हुआ। महोत्सव में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और युवा प्रतिभाओं की शानदार झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायक कमल सिंह मेहरा ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। उनके गीतों पर दर्शक देर तक झूमते रहे और सभागार तालियों की गूंज से गूंजता रहा। इस सांस्कृतिक आयोजन को इंडियन ऑयल का भी सहयोग प्राप्त हुआ।
महोत्सव के पहले दिन रक्तदान एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जबकि दूसरे दिन महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उत्तराखंड की लोक परंपराओं और कला की सुंदर झलक पेश की। इसके साथ ही कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, विज्ञान व प्रौद्योगिकी, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों से जुड़े विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए, जिनके माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारत व एशिया फेंसिंग एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी राजीव मेहता तथा विशिष्ट अतिथि दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के महोत्सव उत्तराखंड की संस्कृति, महिला सशक्तिकरण तथा विज्ञान और नवाचार को भी बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम का संचालन रिम्पी बिष्ट, पंकज गोस्वामी और स्नेहा बिष्ट ने किया।
संस्थाध्यक्ष व पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मोहित जोशी ने बताया कि क्षेत्र की उदीयमान प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ ही रक्तदान शिविर भी लगाया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ हेम चंद्र पांडे, गिरीश सिंह खाती, सुमित सिंह कार्की, छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक, कोषाध्यक्ष कमल चन्द्र पांडे, उपाध्यक्ष संजना पांडे, ईशा उप्रेती, खजान चन्द्र आर्या, कौस्तुभ चंदोला, हेमवती नन्दन दुर्गापाल, लाखन सिंह मेहता, गोविंद यादव, कमल जोशी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उत्तराखंड