रसोई गैस किल्लत से मचा हाहाकार, उपभोक्ता परेशान प्रशासनिक दावों की खुली पोल!
बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रही गैस, एजेंसियों के संचालकों ओर जिम्मेदारों के फोन हुए बंद, आम जनता दर-दर भटकने को मजबूर।
लालकुआं।
क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस की भारी किल्लत ने आम लोगों की रसोई की आग ठंडी कर दी है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो पा रही है।
गृहणियों से लेकर कामकाजी परिवार तक सभी इस संकट से जूझ रहे हैं। सुबह से शाम तक गैस एजेंसियों के चक्कर काटने के बाद भी लोगों को सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी संचालक फोन तक उठाना जरूरी नहीं समझ रहे, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।
सबसे बड़ी बात यह है कि जिला प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति को लेकर किए जा रहे दावों की जमीनी हकीकत बिल्कुल उलट नजर आ रही है। प्रशासन लगातार सुचारू आपूर्ति की बात कर रहा है, लेकिन हकीकत में हालात बेकाबू हैं और व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई दिखाई दे रही है।
कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, वहीं कुछ जगहों पर कालाबाजारी की भी आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही स्थिति नहीं सुधरी, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर गैस आपूर्ति को दुरुस्त करने, एजेंसियों की जवाबदेही तय करने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन अपने दावों को जमीनी हकीकत में कब बदल पाता है या फिर आम जनता यूं ही परेशान होती रहेगी।
