








अमेरिका में डॉ. ललित सिंह का जलवा: क्रिटिकल केयर की प्रतिष्ठित फैलोशिप से सम्मानित, गिने-चुने भारतीयों में शामिल!
दर्पण न्यूज 24/7,बरेली। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज, बरेली के श्वसन एवं गंभीर चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ललित सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें अमेरिका के शिकागो शहर में 23 मार्च 2026 को आयोजित Society of Critical Care Medicine के 55वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में American College of Critical Care Medicine द्वारा प्रतिष्ठित फैलोशिप (सह-सदस्यता सम्मान) से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान गंभीर चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चुनिंदा चिकित्सकों को ही प्रदान किया जाता है। अब तक बहुत कम भारतीय डॉक्टरों को यह उपलब्धि हासिल हुई है और डॉ. ललित सिंह का नाम इस विशिष्ट सूची में शामिल होना देश और प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
डॉ. ललित सिंह इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सह-सदस्यताओं एवं महत्वपूर्ण सम्मानों से नवाजे जा चुके हैं। अपनी इस उपलब्धि पर उन्होंने कहा कि इसका श्रेय उनके परिवार, गुरुजनों, मित्रों और उन मरीजों को जाता है, जिनके विश्वास और मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
उन्होंने एसआरएमएस ट्रस्ट के अध्यक्ष देव मूर्ति और निदेशक आदित्य मूर्ति का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उन पर भरोसा जताया और मरीजों की सेवा की जिम्मेदारी सौंपी।
डॉ. सिंह ने कहा कि वे भविष्य में गंभीर चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को और आगे बढ़ाने के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत चिकित्सकों को इस क्षेत्र में प्रशिक्षित करने पर विशेष ध्यान देंगे, ताकि दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
यह सम्मान न केवल डॉ. ललित सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारतीय चिकित्सा क्षेत्र की बढ़ती वैश्विक पहचान का भी प्रमाण है।
