खबरें शेयर करें -

‘अपना ही माल था… मुख्यमंत्री  के तंज के बीच रुद्रपुर में ‘गोल टोपी’ विवाद से सियासत गरम, ठुकराल की तहरीर में 5 नामजद!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो रुद्रपुर। “अपना ही माल था तुम्हारा, तुम ही ले जाओ”— मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस तीखे बयान के बीच रुद्रपुर में सोशल मीडिया पर वायरल “गोल टोपी” फोटो को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मामले को साजिश बताते हुए कोतवाली में तहरीर देकर पांच लोगों को नामजद किया है।
ठुकराल ने एसएसआई केसी आर्या को दी तहरीर में अजीत सक्सेना, राज कोली, जगदीश विश्वास, सुदर्शन, डम्पी चोपड़ा और नीतीश ग्रोवर पर आरोप लगाया कि इन लोगों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से उनकी फोटो से छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिससे उनकी छवि धूमिल हो रही है और शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।
तहरीर देने के बाद मीडिया से बातचीत में ठुकराल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरा कृत्य क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा के इशारे पर कराया गया है। हालांकि इस पर संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साइबर एंगल को भी खंगाला जा रहा है।
उधर, ठुकराल समेत कुमाऊं और गढ़वाल के कई नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने के बाद राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस के दावों को खारिज करते हुए कहा कि शामिल हुए अधिकांश नेता पहले ही भाजपा से निष्कासित या निष्क्रिय थे। उनके इस बयान के बाद दलबदल को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोशल मीडिया विवाद और दलबदल की सियासत मिलकर प्रदेश में टकराव को और धार दे रहे हैं, जिसके चलते आने वाले दिनों में राजनीतिक माहौल और गर्माने की संभावना है।

उत्तराखंड