खबरें शेयर करें -

खार्ग द्वीप पर अमेरिकी नजर, ट्रंप के बयान से बढ़ा तनाव; ईरान की कड़ी चेतावनी!
वाशिंगटन/तेहरान। फारस की खाड़ी में स्थित ईरान के प्रमुख तेल केंद्र खार्ग द्वीप को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना चाहें तो खार्ग द्वीप पर आसानी से कब्जा कर सकती है। उनके इस बयान के बाद ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए चेतावनी दी है कि यदि अमेरिकी सेना उसकी जमीन पर उतरी तो वह खाड़ी के अरब देशों पर जमीनी हमला कर सकता है।
एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि खार्ग द्वीप पर कब्जा करना अमेरिका के लिए मुश्किल नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे पास कई विकल्प हैं, हम वहां कुछ समय के लिए ठहर भी सकते हैं। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान की रक्षा व्यवस्था वहां ज्यादा मजबूत नहीं है और अमेरिकी सेना इसे आसानी से अपने नियंत्रण में ले सकती है।
ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी बलों ने पहले ही खार्ग द्वीप पर सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए हैं। दूसरी ओर ईरान ने इसे लेकर आक्रामक रुख अपनाते हुए अमेरिका और इजराइल के अधिकारियों के ठिकानों को निशाना बनाने की भी धमकी दी है।
इधर, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी हलचल तेज हो गई है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने कुछ शर्तों के तहत तेल टैंकरों को गुजरने की अनुमति दी है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में 20 टैंकरों को होर्मुज मार्ग से गुजरने की मंजूरी दी गई है और यह बातचीत में प्रगति का संकेत है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ईरान पर पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता।
संघर्षविराम को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने बताया कि अमेरिका की ओर से प्रस्तावित 15 सूत्रीय योजना पर ईरान ने अधिकांश बिंदुओं पर सहमति जताई है। वहीं, ईरान के भीतर भी नेतृत्व स्तर पर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर कलीबाफ का प्रभाव तेजी से बढ़ा है और हालिया घटनाक्रम में उनकी भूमिका निर्णायक होती जा रही है।
मध्य पूर्व में बढ़ते इस तनाव के बीच वैश्विक तेल बाजार और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता गहराने लगी है।

उत्तराखंड