खबरें शेयर करें -

22 साल की निष्कलंक सेवा के बाद पर्यवेक्षक नंदन गिरी गोस्वामी सेवानिवृत्त, आँचल दुग्ध संघ परिवार ने दी भावुक विदाई!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआँ।

नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में कार्यरत क्षेत्र पर्यवेक्षक नंदन गिरी गोस्वामी के 22 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर प्रशासनिक भवन परिसर में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि नंदन गिरी गोस्वामी ने वर्ष 2004 से अपनी सेवाएं शुरू कीं और पूरे कार्यकाल में ईमानदारी, निष्ठा व जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने दुग्ध समितियों, उत्पादकों और संस्था के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संघ को मजबूती प्रदान की।
उन्होंने कहा कि गोस्वामी का सरल स्वभाव, कर्मठता और अनुशासित कार्यशैली सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका सेवाभाव आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करता रहेगा।
समारोह में मुकेश बोरा ने गोस्वामी को शॉल ओढ़ाकर, फूलमाला पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने समर्पण और मेहनत से संस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर नंदन गिरी गोस्वामी ने आँचल परिवार का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें यहां हमेशा सहयोग, सम्मान और अपनापन मिला, जिसे वे जीवनभर याद रखेंगे।
कार्यक्रम में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड