खबरें शेयर करें -

 

राखी की डोर में 2027 का सियासी संदेश तलाश रहे लालकुआं के राजनीतिक जानकार!

मोटाहल्दू में दीपेंद्र कोश्यारी के दीदी-बेणी उत्सव में उमड़ी मातृशक्ति, विधानसभा चुनाव से पहले तलाशे जाने लगे हैं कार्यक्रम के सियासी मायने!

दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। रक्षाबंधन के अवसर पर बरेली रोड मोटाहल्दू स्थित प्रेम चुनरिया वेंकट हाल में आयोजित दीदी-बेणी उत्सव भले ही सामाजिक और पारिवारिक रिश्तों की आत्मीयता का कार्यक्रम रहा हो, लेकिन लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में तेज हो चुकी राजनीतिक गतिविधियों के बीच इसके सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के संयोजन में हुए आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को चर्चा का विषय बना दिया है।

कोश्यारी पिछले काफी समय से लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में उनकी लगातार मौजूदगी को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा के भीतर 2027 के संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाओं के बीच कोश्यारी का क्षेत्र में बढ़ता जनसंपर्क उनकी दावेदारी को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ा रहा है।

रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से पहुंची महिलाओं ने कोश्यारी को तिलक लगाकर राखी बांधी और उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। कोश्यारी ने बहनों को पुष्पगुच्छ भेंट किए और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मंच पर भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। चारों मंडलों की महिला मोर्चा से जुड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने आयोजन को संगठनात्मक रूप भी दिया।

सामान्य तौर पर रक्षाबंधन जैसे सामाजिक पर्व को राजनीतिक गतिविधि से जोड़ना उचित नहीं माना जाता, लेकिन चुनावी माहौल में होने वाले सार्वजनिक आयोजनों की अपनी राजनीतिक व्याख्या भी होती है। यही वजह है कि कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या मातृशक्ति के बीच इस तरह का व्यापक जनसंपर्क आगामी चुनाव को ध्यान में रखकर राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कवायद है या फिर इसे महज सामाजिक आयोजन के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के टिकट को लेकर अभी कोई आधिकारिक तस्वीर स्पष्ट नहीं है। वर्तमान विधायक,पूर्व विधायक  के साथ कई अन्य नाम भी संभावित दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं। ऐसे में किसी भी नेता की लगातार क्षेत्रीय सक्रियता को राजनीतिक नजरिए से देखा जाना स्वाभाविक है। दीपेंद्र कोश्यारी के मामले में भी यही स्थिति है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। महिला मोर्चा समेत संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम का संचालन तारा पांडे और कंचन भट्ट ने किया।

दीपेंद्र कोश्यारी ने अपने संबोधन में रक्षाबंधन को स्नेह, विश्वास और कर्तव्य का पर्व बताते हुए कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

फिलहाल कार्यक्रम समाप्त हो चुका है, राखियां भी बंध चुकी हैं और रक्षाबंधन की आत्मीयता भी अपनी जगह है, लेकिन लालकुआं की राजनीति में इस आयोजन ने एक सवाल जरूर छोड़ दिया है। क्या यह सिर्फ बहनों के आशीर्वाद का उत्सव था या 2027 के चुनावी मैदान में उतरने से पहले जनसंपर्क की एक और मजबूत कड़ी? इसका जवाब आने वाले महीनों में क्षेत्र की सियासी तस्वीर और भाजपा के टिकट को लेकर होने वाले फैसलों से ही साफ होगा।

उत्तराखंड