रंगे हाथों रिश्वत लेते धरा गया उद्यान निरीक्षक, विजिलेंस का बड़ा एक्शन!
दर्पण न्यूज 24/7 किच्छा। निकटवर्ती ग्राम गऊघाट में आम के पेड़ों की कटान की अनुमति के नाम पर रिश्वत मांगने वाले ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टोल फ्री नंबर 1064 पर मिली शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जो कि पिछले 5-6 वर्षों से लकड़ी ठेकेदारी का कार्य कर रहा है, ने काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे। इन पेड़ों को काटने के लिए नियमानुसार अनुमति आवश्यक थी। आरोप है कि इसी अनुमति के एवज में उद्यान निरीक्षक बादल पांडे ने 16 पेड़ों की कटान के लिए 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत मिलते ही विजिलेंस टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद पूरी योजना के तहत ट्रैप बिछाया गया। शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ आरोपी के पास भेजा गया।
जैसे ही आरोपी ने 12 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से घात लगाए बैठी विजिलेंस टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विजिलेंस टीम आरोपी को अपने साथ ले गई है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सरकारी तंत्र पर सवाल, कार्रवाई से मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, विजिलेंस की इस सख्त कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
