खबरें शेयर करें -

रानीखेत में लव जिहाद के विरोध में विहिप का प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताया आक्रोश!
दर्पण न्यूज संवाददाता, गोपाल नाथ गोस्वामी
रानीखेत। नगर रानीखेत में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने देशभर में कथित लव जिहाद व धर्मांतरण की घटनाओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। शुक्रवार को आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने इन घटनाओं पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
विहिप के जिला स्तर पर आयोजित इस प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में सामने आ रही घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। नासिक में एक कंपनी से जुड़े धर्मांतरण प्रकरण और अमरावती में एक युवक द्वारा हिंदू युवतियों के शोषण से संबंधित वायरल वीडियो का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे गंभीर सामाजिक मुद्दा बताया।
वक्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि नगरों और ग्रामीण, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में यदि इस प्रकार की गतिविधियां सामने आती हैं तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन पंत ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री विपिन भार्गव ने किया। इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष रघुवर सिंह बिष्ट, नगर अध्यक्ष नवल किशोर पांडे, नगर उपाध्यक्ष दिगंबर सिंह मनराल, नगर प्रचार-प्रसार प्रमुख पाराशर तिवारी सहित मनमोहन मेहरा, हेमचंद्र, पवन कुमार, दीपक मवाड़ी, नीरज तिवारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।