खबरें शेयर करें -

16 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” में पुलिस की बड़ी कामयाबी!
दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। काठगोदाम क्षेत्र में पुलिस टीम ने 54.80 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 16 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” और ऑपरेशन “प्रहार” के तहत की गई। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत ड्रग्स तस्करों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित सैनी और थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुंवरपुर बाईपास से गौलानदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते, गौलापुल के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 54.80 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी दिलशाद (34), निवासी इन्द्रा नगर, काबुल का गेट, बनभूलपुरा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 53/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बनभूलपुरा क्षेत्र में टैम्पो चलाता है और स्मैक को इज्जतनगर, बरेली (उत्तर प्रदेश) से खरीदकर लाता था।
पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2026 से अब तक जिले में 20 मामलों में कार्रवाई करते हुए 25 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान कुल 1 किलो 385 ग्राम 366 मिलीग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ 15 लाख 60 हजार 80 रुपये बताई गई है।
बाइट: सीओ सिटी अमित सैनी ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।