








लालकुआं में दर्दनाक घटना: मानसिक तनाव में 51 वर्षीय व्यक्ति ने की आत्महत्या।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बिंदुखत्ता स्थित 17 एकड़ शास्त्री नगर में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 51 वर्षीय पूरन सिंह बिष्ट ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरन सिंह बिष्ट अपने भाई के साथ बिंदुखत्ता में रह रहे थे। शनिवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिजनों को शक हुआ। कमरे में जाकर देखा गया तो वह फंदे से लटके हुए मिले। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
परिजनों के मुताबिक मृतक लंबे समय से पारिवारिक कारणों के चलते मानसिक तनाव में था। बताया गया कि वर्ष 2014 में उसकी पत्नी मायके चली गई थी और बच्चे भी उसके साथ रह रहे थे, जिससे वह अवसाद में रहने लगा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ब्रजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला अवसाद के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
