खबरें शेयर करें -

तीन मौतों के बाद जागा सिस्टम: टांडा रेंज में हाथी का आतंक, वन विभाग ने किया हाई अलर्ट।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। तराई केन्द्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज में हाथी के हमलों से दहशत का माहौल बना हुआ है। तीन लोगों की मौत के बाद आखिरकार वन विभाग हरकत में आया है और पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर गश्त बढ़ा दी गई है।
रविवार को वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने सांपकठानी, चीढ़ खत्ता, पंतनगर और लालकुआं शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया। टीम ने खत्तों में निवास कर रहे ग्रामीणों को हाथियों की गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
वन विभाग ने साफ तौर पर लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं। शाम 6 बजे के बाद जंगल में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखने को कहा गया है। साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर मशाल का उपयोग करने, समूह में रहने और घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। जलौनी लकड़ी के लिए भी जंगल में जाने से मना किया गया है।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि प्रभावित इलाकों में गश्त तेज कर दी गई है और पंतनगर क्षेत्र के आसपास अतिरिक्त वन कर्मियों की तैनाती की गई है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में हाथी के हमलों में तीन लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें पंतनगर की एक बुजुर्ग महिला भी शामिल हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बाद अब प्रशासनिक सक्रियता पर सवाल भी उठने लगे हैं।
फिलहाल, वन विभाग अलर्ट मोड में है, लेकिन ग्रामीणों में डर का माहौल अब भी बना हुआ है।

उत्तराखंड