वीकेंड बना मुसीबत: गौलापार बाईपास पुल पर रेंगता यातायात, जाम से हल्द्वानी से पहाड़ तक हाहाकार!
प्रशासन मूक दर्शक, घंटों जाम में फंसे लोग; सबसे ज्यादा परेशान गौलापार और पहाड़ी क्षेत्र के यात्री!
दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी। वीकेंड आते ही शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जा रही है। खासकर गौलापार बाईपास पुल पर लंबा जाम अब आम बात बन गया है, जिससे हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को भी हालात बदतर रहे, जहां वाहनों की लंबी कतारें कई किलोमीटर तक लगी रहीं और लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
सबसे अधिक दिक्कत गौलापार क्षेत्र के स्थानीय निवासियों और पहाड़ की ओर जाने वाले यात्रियों को झेलनी पड़ रही है। एंबुलेंस, स्कूली वाहन और जरूरी सेवाएं भी जाम की चपेट में आकर रेंगती नजर आईं। स्थिति यह है कि लोगों का रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर यातायात का कोई विशेष प्लान लागू नहीं किया जाता, जिससे हर शनिवार-रविवार यही स्थिति बनती है। गौलापार बाईपास पुल संकरा होने के कारण यहां थोड़ी सी वाहन संख्या बढ़ते ही जाम लग जाता है, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी भी नाकाफी साबित हो रही है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वीकेंड पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और बाईपास पुल पर यातायात को सुचारू रखने के लिए ठोस रणनीति बनाई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
