नगर पंचायत कार्यालय में हंगामा, अध्यक्ष ने बताया—सरकारी कार्य में बाधा, फिर बाजार में मारपीट; झूठे मुकदमे का आरोप।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं।
नगर पंचायत लालकुआं में कार्य के दौरान हंगामा और अभद्रता का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने बोर्ड सदस्यों के साथ प्रेस वार्ता कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
अध्यक्ष लोटनी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:50 बजे आजाद नगर वार्ड नंबर-4 निवासी तौफीक उमर, सरफराज और मोहम्मद उवैस नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया। अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने कार्यालय की गरिमा बनाए रखने के लिए संबंधित व्यक्तियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ भी अभद्रता की गई।
मामले की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता कराई। आरोपियों द्वारा माफी मांगने पर शाम करीब 4 बजे मामला निपटा दिया गया।
हालांकि, अध्यक्ष का आरोप है कि इसके बाद देर शाम मुख्य बाजार में उक्त व्यक्तियों ने स्थानीय लोगों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों की छवि खराब करने के उद्देश्य से झूठा शांति भंग का मुकदमा दर्ज कराने का भी आरोप लगाया।
अध्यक्ष लोटनी ने इस पूरे घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकारी कार्यालय में इस तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ संवैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रेस वार्ता में सभासद धन सिंह बिष्ट, योगेश उपाध्याय, भुवन पांडे के साथ पूर्व सभासद हेमंत पांडे और कुंदन आर्या भी मौजूद रहे।
