खबरें शेयर करें -

ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने दिखाया दम, जिला चैंपियनशिप में रोमांचक मुकाबले शुरू!
हल्दूचौड़ में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ी कर रहे हैं शानदार प्रदर्शन, अतिथियों ने किया आत्मरक्षा के लिए खेल से जुड़ने का आह्वान!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित “नैनीताल जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026” का शुभारंभ शनिवार को हल्दूचौड़ स्थित एचडी स्पोर्ट्स एंड फिटनेस अकादमी, गंगारामपुर में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हो गया। जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन, नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों, एकेडमियों और स्पोर्ट्स स्टेडियमों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और समर्पण के बल पर जीवन में ऊंचाइयां हासिल करने का आह्वान किया गया।एचडी स्पोर्ट्स एंड फिटनेस अकादमी के प्रबंधक त्रिलोचन कबड़वाल ने कहा कि ताइक्वांडो केवल खेल नहीं बल्कि आत्मरक्षा का प्रभावी माध्यम भी है। खासतौर पर बालिकाओं को इस खेल से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ना चाहिए, ताकि वे आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बन सकें।
पहले दिन आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतिभागियों ने अपनी फुर्ती, तकनीक और संतुलन का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता को रोचक बना दिया। दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए तालियों से उनका हौसला बढ़ाया।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड अथवा वैध यूआईडी अनिवार्य किया गया है। खिलाड़ियों की आयु और भार वर्ग संबंधी जानकारी का विशेष सत्यापन किया जा रहा है, ताकि प्रतियोगिता निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
जिला ताइक्वांडो  एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिलता है।
इस दौरान एचडी स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रबंधक त्रिलोक कबड़वाल, मोहन सुयाल, वरिष्ठ भाजपा नेता उमेश शर्मा, ललित सनवाल, कमलेश कबड़वाल, गंगा सुयाल, देबू बिष्ट, अनिल कबड़वाल, कैलाश कबड़वाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और खेल प्रेमी मौजूद रहे।