व्यापार मंडल चुनाव की रणभेरी बजते ही लालकुआं बाजार में बढ़ी हलचल!
31 मई को होगा मतदान, चुनावी सरगर्मियों से बाजार का माहौल गर्म!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, लालकुआं के वर्ष 2026-2029 कार्यकाल हेतु होने वाले चुनाव को लेकर निर्वाचन कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। चुनाव समिति द्वारा नामांकन प्रक्रिया से लेकर मतदान और मतगणना तक की पूरी समय-सारणी जारी किए जाने के बाद व्यापारियों में चुनाव को लेकर उत्साह और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। बाजार में संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता भी बढ़ने लगी है और चुनावी समीकरण बनने शुरू हो गए हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी संजीव कुमार शर्मा एवं संजय जोशी ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि सदस्यता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन 18 मई को किया गया है, जबकि आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 19 एवं 20 मई को संपन्न होगी। इसके बाद 21 मई को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 22 मई को नामांकन पत्रों की बिक्री और जमा प्रक्रिया पूरी होगी, जबकि 23 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 24 मई को नाम वापसी के बाद अंतिम प्रत्याशियों की सूची घोषित कर दी जाएगी। वहीं 26 मई को बैलेट पेपर के नमूने सार्वजनिक किए जाएंगे।
चुनाव प्रचार 27 मई से प्रारंभ होकर 30 मई शाम 5 बजे समाप्त होगा। मतदान 31 मई को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक कराया जाएगा, जिसके बाद उसी दिन शाम 4 बजे से मतगणना शुरू होगी।
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही लालकुआं के व्यापारिक क्षेत्र में राजनीतिक माहौल जैसा उत्साह दिखाई देने लगा है। विभिन्न पदों के संभावित दावेदार व्यापारियों के बीच संपर्क साधने में जुट गए हैं। माना जा रहा है कि इस बार व्यापार मंडल चुनाव में कई नए चेहरे भी अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।
इस दौरान चुनाव कार्यालय में मुख्य चुनाव अधिकारी संजीव कुमार शर्मा के साथ सहायक चुनाव अधिकारी राजकुमार सेतिया, रंजीत बोरा, सुभाष नागर एवं दीप नयाल भी मौजूद रहे।
