लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष पत्रकारिता जरूरी ! महामंडलेश्वर सोमेश्वर यति!
हिंदी पत्रकारिता दिवस पर आदर्श प्रेस क्लब हल्दूचौड़ का भव्य आयोजन, पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और जनपक्षधर मीडिया पर मंथन!
समाज, खेल, चिकित्सा, गौसंरक्षण और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियां सम्मानित!
दर्पण न्यूज 24/7लालकुआं।
हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आदर्श प्रेस क्लब हल्दूचौड़ द्वारा पूर्व सैनिक सभागार में “वर्तमान राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में मीडिया की भूमिका” विषय पर भव्य विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, पत्रकारों की सुरक्षा, पत्रकारिता की विश्वसनीयता तथा बदलते दौर में जनपक्षधर पत्रकारिता की आवश्यकता पर गंभीर चिंतन हुआ। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और उत्तरदायी पत्रकारिता आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर सोमेश्वर यति महाराज ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का प्रसारण नहीं बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने का दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि जब पत्रकार सत्य और निष्पक्षता के मार्ग पर चलते हैं तो लोकतंत्र और अधिक सशक्त होता है। उन्होंने पत्रकारों से राष्ट्रहित और जनहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक दौर में मीडिया की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। पत्रकारों को किसी भी दबाव या प्रभाव से मुक्त होकर जनता की आवाज को प्रमुखता देनी चाहिए। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब मीडिया निर्भीक होकर जनसरोकारों के मुद्दों को उठाएगा।
गौधाम एवं हरे कृष्ण आश्रम के संस्थापक रामेश्वर दास महाराज ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। यदि यह दर्पण स्वच्छ और निष्पक्ष रहेगा तो समाज को अपनी वास्तविक तस्वीर दिखाई देगी। उन्होंने मूल्यपरक और सकारात्मक पत्रकारिता को समय की आवश्यकता बताया।
वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन रौतेला ने कहा कि डिजिटल युग में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों से गुजर रही है। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच तथ्यपरक और विश्वसनीय पत्रकारिता को बचाए रखना सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है।
प्रयाग दत्त पांडे ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य सत्ता से सवाल करना और समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को मंच देना है। वहीं ओ.पी. पांडे ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता को उसकी सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि यदि विश्वसनीयता कमजोर हुई तो लोकतंत्र का चौथा स्तंभ भी कमजोर पड़ जाएगा।
जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी ने कहा कि सरकार और जनता के बीच संवाद स्थापित करने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता को समाज के लिए आवश्यक बताया।
रमाकांत पंत, बी.सी. भट्ट तथा दिनेश पांडे ने भी अपने विचार रखते हुए पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
विशिष्ट उपलब्धियों के लिए हुआ सम्मान!
कार्यक्रम में चिकित्सा, शिक्षा, खेल, गौसंरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल, वरिष्ठ पत्रकार भगवान सिंह गंगोला, रमाकांत पंत, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुधीर कन्याल, समाजसेवी शुभम अंडोला, वन कर्मी हरीश शर्मा, नेशनल एथलीट रघुवर दत्त जोशी, पैरा ओलंपिक चैंपियन भुवन गुणवंत, गौधाम के व्यवस्थापक रामेश्वर दास सहित अनेक पत्रकारों एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
सैकड़ों गणमान्य नागरिक रहे मौजूद!
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरेंद्र बोरा, प्रमोद कालोनी,उमेश कबड़वाल ,दया किशन कबड़वाल ,मीना कपिल, शैलेन्द्र दुमका, अजय उप्रेती, शानू, शैलेन्द्र सिंह, धीरज भट्ट, गीतेश त्रिपाठी, गिरीश गोस्वामी, प्रकाश जोशी, दीप जोशी, शंकर जोशी, बीडी खोलिया, कोस्तुभ चंदोला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, बीडीसी सदस्य, ग्राम प्रधान, पत्रकार, समाजसेवी एवं क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रमोद बमेटा ने सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तित्वों, पत्रकार साथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए हिंदी पत्रकारिता के मूल्यों, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनहित के प्रति समर्पण को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का संचालन आदर्श प्रेस क्लब हल्दूचौड़ के महामंत्री रिम्पी बिष्ट ने किया!
