खबरें शेयर करें -

महिला का शव मिलने से सनसनी, खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में हड़कंप!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। कोतवाली क्षेत्र के बेरीपड़ाव रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित खुरपिया फॉर्म में बुधवार सुबह रहस्यमयी परिस्थितियों में एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुनसान स्थान पर शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 50 वर्षीय सुनीता पत्नी स्वर्गीय संतपाल निवासी गोलागेट, बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार शाम से घर से लापता थी। बुधवार सुबह उसका शव खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा एवं हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।