खबरें शेयर करें -

दोषी पुलिस कर्मियों पर होगी कड़ी कार्रवाई, श्रद्धालु रूट प्लान का करें पालन : एसएसपी नैनीताल।
दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल/हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के कैंची धाम मेले के दौरान सामने आई पुलिस कर्मियों की कथित अभद्रता और छेड़छाड़ की घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लिया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी जनता की सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है, ऐसे में किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता और अमर्यादित आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसएसपी ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का कैंची धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसकी गरिमा बनाए रखना पुलिस एवं प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाएगा और पूरी पारदर्शिता के साथ जांच पूरी की जाएगी।
वहीं मेले में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक डायवर्जन एवं रूट प्लान का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निर्धारित मार्गों, पार्किंग स्थलों और शटल सेवा का उपयोग करने से यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी तथा श्रद्धालुओं को अनावश्यक जाम और परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को भी निर्देशित किया है कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि कैंची धाम मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

उत्तराखंड