सीबीएसई क्लस्टर एथलेटिक्स मीट में डायनेस्टी गुरुकुल की छात्राओं का जलवा, तीन पदकों पर जमाया कब्जा
दिव्या कापड़ी ने हाई जंप में जीता स्वर्ण, दिया भाट को रजत और ज्योति जोशी ने जेवलिन थ्रो में हासिल किया कांस्य पदक!
खटीमा। डायनेस्टी मॉडर्न गुरुकुल एकेडमी खटीमा की होनहार छात्राओं ने मेरठ, उत्तर प्रदेश में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर एथलेटिक्स मीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर विद्यालय के साथ ही खटीमा और पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा दिव्या कापड़ी ने हाई जंप स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं दिया भाट ने हाई जंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा ज्योति जोशी ने जेवलिन थ्रो में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ दिया।
तीनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इस सफलता के आधार पर तीनों छात्राओं का चयन सीबीएसई नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 15 से 20 अक्टूबर तक पटियाला, पंजाब में आयोजित होगी, जिसमें तीनों खिलाड़ी डायनेस्टी मॉडर्न गुरुकुल एकेडमी का प्रतिनिधित्व करेंगी।
छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक धीरेंद्र चंद्र भट्ट ने विजेता खिलाड़ियों, उनके खेल प्रशिक्षकों और अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि विद्यालय की ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ ही उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर प्रेमा भट्ट, प्रधानाचार्य चंद्रकांत पनेरु, प्रशासनिक अधिकारी मनीष चंद, एकेडमिक डायरेक्टर विक्टर आईवन सहित खेल प्रशिक्षक भरत बिष्ट, देवेंद्र थलाल, परविंदर खाती, कमल इकराल, मनीषा कुंवर, रुचि चौहान, कल्पना चंद, केशव जोशी, सुरेश ओली, हरीश भट्ट, दिगंबर भट्ट, अशोक जोशी, मनीष ठाकुर, हेमलता बोरा, शिल्पा सक्सेना, लिंसी त्यागी, ऊषा भट्ट और ऊषा चौसाली समेत समस्त विद्यालय परिवार ने छात्राओं की शानदार सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
