खबरें शेयर करें -

हरेला पर सेवा संकल्प फाउंडेशन का हरित संकल्प, बंडिया में रोपे पौधे और सैकड़ों ग्रामीणों को बांटे निःशुल्क पौधे!

पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल भी जरूरी, तभी सुरक्षित रहेगा भविष्य! गीता धामी

करन सतवाल ब्यूरो दर्पण न्यूज 24×7

खटीमा। लोकपर्व हरेला महोत्सव पखवाड़े के तहत पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से ग्राम पंचायत भवन बंडिया में वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। फाउंडेशन की ट्रस्टी गीता धामी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों को निःशुल्क पौधे भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए गीता धामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। महज पौधारोपण कर जिम्मेदारी पूरी नहीं होती, बल्कि पौधे के पूर्ण विकसित होने तक उसकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण प्रदान करेंगे।

ग्राम प्रधान सोमनाथ मौर्य ने सेवा संकल्प फाउंडेशन और गीता धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरेला जैसे लोकपर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उठाए।

फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि हरेला पर्व के अवसर पर लगातार विभिन्न ग्रामों में पौधारोपण एवं पौध वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा गीता धामी के निर्देशन में सेवा संकल्प फाउंडेशन शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर से पहुंचे डॉ. अजय प्रभाकर ने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और जरूरतमंदों के कल्याण के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना भी समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। हरेला पखवाड़े के दौरान आयोजित यह अभियान प्रकृति के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रभावी संदेश दे रहा है।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संकल्प लिया कि वे पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी सुनिश्चित करेंगे, ताकि पौधे वृक्ष का रूप लेकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश राणा, उपप्रधान अमित चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रिंकू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

 

उत्तराखंड