खबरें शेयर करें -

देहरादून में रिश्तों का कत्ल: सगे भाई ने अपने ही वकील भाई की गोली मारकर की  हत्या, एक घंटे में आरोपी गिरफ्तार!
दर्पण न्यूज 24/7 देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के शिमला बाईपास स्थित बुड्ढी गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 25 वर्षीय अधिवक्ता सोहेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10:30 बजे सोहेल अपने घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान कुछ लोग उसके घर पहुंचे और बेहद करीब से उसके गले में गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। घटना के समय घर में सोहेल और उसका छोटा भाई ही मौजूद था, जबकि उसके माता-पिता हज यात्रा पर गए हुए हैं।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और महज एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद जो खुलासा हुआ उसने सभी को चौंका दिया। जांच में सामने आया कि हत्या का आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक का सगा भाई है।
पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद, संपत्ति संबंधी मतभेद या किसी पुरानी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पूछताछ के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र डोभाल ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। अपराध चाहे कोई भी करे, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है तथा फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे देहरादून को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के दो भाइयों के बीच हुए इस खूनी घटनाक्रम ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचने और हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।

उत्तराखंड