सांसद अजय भट्ट की बदौलत जल्द ही हल्दूचौड़ को मिलेगी बड़ी स्वास्थ्य सौगात, जल्द शुरू होंगी अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे सेवाएं।
सांसद अजय भट्ट के हस्तक्षेप से खुला समाधान का रास्ता, सप्ताह में तीन दिन रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं मिलने की जगी उम्मीद।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। लंबे समय से अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हल्दूचौड़ क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। नैनीताल-ऊधमसिंहनगर सांसद अजय भट्ट के हस्तक्षेप के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हल्दूचौड़ में जल्द ही अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे सेवाएं शुरू होने की उम्मीद जगी है।
आदर्श प्रेस क्लब हल्दूचौड़ द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर सकारात्मक पहल करते हुए सांसद अजय भट्ट ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिया है। सांसद ने कहा कि क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जल्द सेवाएं सुचारू कराने के प्रयास किए जाएंगे।
गौरतलब है कि सीएचसी हल्दूचौड़ में करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीनें रेडियोलॉजिस्ट के अभाव में लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इससे गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दुर्घटना पीड़ितों तथा अन्य मरीजों को जांच के लिए निजी अस्पतालों या दूर-दराज के चिकित्सा केंद्रों का रुख करना पड़ता है।
आदर्श प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रमोद बमेटा और महामंत्री रिम्पी बिष्ट ने सांसद को दिए पत्र में सुझाव रखा था कि टनकपुर सीएचसी में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. ललित मोहन रखोलिया सप्ताह में तीन दिन हल्दूचौड़ में सेवाएं देने के लिए सहमत हैं। यदि प्रशासनिक स्तर पर अनुमति मिल जाती है तो बिना अतिरिक्त वित्तीय भार के क्षेत्रवासियों को वर्षों से प्रतीक्षित सुविधा मिल सकेगी।
आज केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महालक्ष्मी मंदिर परिसर में आयोजित जनसंपर्क एवं प्रबुद्ध जन सम्मान कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी यह मांग सांसद के समक्ष रखी। जनभावनाओं को देखते हुए सांसद अजय भट्ट ने स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं से जल्द वार्ता कर व्यवस्था लागू कराने का भरोसा दिया।
क्षेत्रवासियों और सामाजिक संगठनों ने इसे हल्दूचौड़ के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे सेवाएं शुरू होंगी, जिससे हजारों लोगों को घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
oplus_136314914 