इलाज के बहाने मौत का घूंट! पत्नी को पानी में मिलाकर पिलाया जहर, एफएसएल रिपोर्ट ने खोला पति की हैवानियत का राज!
हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच ने ऐसा सनसनीखेज खुलासा किया है जिसने रिश्तों पर भरोसे को झकझोर दिया है। जिस पति पर पत्नी के इलाज और देखभाल की जिम्मेदारी थी, उसी ने कथित तौर पर पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। कई महीनों तक दफन रहा यह राज आखिरकार एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की रिपोर्ट से उजागर हो गया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि चार फरवरी 2026 को मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने अपनी बहन की हत्या का आरोप उसके पति अफजाल पर लगाते हुए बहादराबाद थाने में तहरीर दी थी। शिकायत में कहा गया था कि अफजाल ने इलाज के नाम पर पत्नी को पानी में जहर मिलाकर पिला दिया, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और पोस्टमार्टम के बाद बिसरा जांच के लिए एफएसएल भेजा। रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी।
शनिवार को पुलिस ने बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह क्षेत्र से फरार चल रहे आरोपी अफजाल (38), निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी लंबे समय से बीमार रहती थी और इसी से परेशान होकर उसने उसे जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि विश्वास, रिश्ते और इंसानियत की निर्मम हत्या है। वैज्ञानिक जांच और एफएसएल रिपोर्ट ने साबित कर दिया कि अपराध चाहे जितनी चालाकी से किया जाए, कानून के लंबे हाथ आखिरकार आरोपी तक पहुंच ही जाते हैं।
