खबरें शेयर करें -

राष्ट्रीय गीत के कथित अपमान पर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के खिलाफ तहरीर!

खड़गे, सोनिया और राहुल  के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग, अधिवक्ता कमल जोशी मुनि ने हल्द्वानी कोतवाली में दी शिकायत!

दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। 15 अगस्त को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को कथित तौर पर बीच में रोकने का प्रयास किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में हल्द्वानी निवासी अधिवक्ता कमल जोशी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

पुलिस को दी गई तहरीर में अधिवक्ता कमल जोशी ने आरोप लगाया है कि 15 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान तीनों नेताओं द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को बीच में रोकने का प्रयास किया गया तथा इसे रोकने का आदेश दिया गया। शिकायतकर्ता ने इसे राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय सम्मान का गंभीर अपमान बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर में दावा किया गया है कि उक्त कृत्य राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) अधिनियम, 2026 की धारा 3 के तहत अपराध की श्रेणी में आता है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर संबंधित नेताओं के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने का अनुरोध किया है।

अधिवक्ता कमल जोशी ने अपनी शिकायत में कहा है कि राष्ट्रीय प्रतीकों एवं राष्ट्रभावना से जुड़े विषयों का सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने आरोपित कृत्य को गंभीर बताते हुए कानून के अनुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

तहरीर 17 अगस्त 2026 को हल्द्वानी कोतवाली में दी गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

हालांकि, तहरीर में लगाए गए आरोपों पर पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किए जाने अथवा आरोपों की पुष्टि संबंधी स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।