ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत नैनीताल के कप्तान कड़ा प्रहार, आठ तमंचों के जखीरे के साथ अंतरजनपदीय हथियार तस्कर गिरफ्तार!
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की सख्त रणनीति रंग लाई, एसओजी और चोरगलिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से अवैध हथियार नेटवर्क पर बड़ी चोट।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी/चोरगलिया। जनपद नैनीताल में अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी और चोरगलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतरजनपदीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आठ अवैध तमंचे और दस जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के नेटवर्क पर अब तक की बड़ी चोट माना जा रहा है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध लगातार आक्रामक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित सैनी के पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में एसओजी और थाना पुलिस की संयुक्त टीम 27 जून को एमवीआर गेट क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने गलफार गेट मार्ग के समीप एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से दो 12 बोर के देशी तमंचे, छह .315 बोर के देशी तमंचे तथा दस जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध थाना चोरगलिया में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रियासत पुत्र रईस अहमद (30 वर्ष), निवासी नकुलिया, थाना सितारगंज, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, हथियारों के स्रोत, सप्लाई चेन और उससे जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटाने में लगी है। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ में अवैध हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने इस उल्लेखनीय सफलता पर संयुक्त पुलिस टीम को ₹2,500 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस महकमे का कहना है कि अपराधियों और अवैध हथियार तस्करों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन प्रहार’ आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
