खबरें शेयर करें -

रेल की पटरी पर दौड़ी लक्ष्मण खाती की पैरवी…! इज्जतनगर मंडल में लालकुआं–सितारगंज रेल लाइन से लेकर वंदे भारत तक बुलंद हुई आवाज।

दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की मंडलीय रेलवे समिति की बैठक में इस बार नैनीताल-ऊधमसिंह नगर की आवाज सबसे मुखर सुनाई दी। सांसद अजय भट्ट के अधिकृत प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती ने क्षेत्र की वर्षों से लंबित रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को जिस मजबूती से उठाया, उसने बैठक का ध्यान उत्तराखंड की रेल जरूरतों की ओर खींच दिया।

बैठक में लक्ष्मण खाती ने साफ शब्दों में कहा कि यदि लालकुआं–सितारगंज रेल परियोजना, काशीपुर–धामपुर नई रेल लाइन और किच्छा–खटीमा रेलखंड जैसी योजनाओं को समय पर मंजूरी मिलती है तो कुमाऊं और तराई क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने इन परियोजनाओं के प्रस्तावों को शीघ्र तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजने की मांग रखते हुए रेलवे अधिकारियों से अनावश्यक देरी समाप्त करने को कहा।

केवल नई रेल लाइनों तक ही बात सीमित नहीं रही। खाती ने काठगोदाम से दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस और काठगोदाम से कामाख्या तक नई ट्रेन चलाने की पुरजोर पैरवी की। उनका कहना था कि पर्यटन, व्यापार और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन सेवाओं की अब वास्तविक आवश्यकता है।

बैठक में उन्होंने लालकुआं रेलवे स्टेशन पर बन चुके एस्केलेटर का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने सवाल किया कि जब निर्माण कार्य पूरा हो चुका है तो यात्रियों को सुविधा मिलने में आखिर देरी क्यों हो रही है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से इसे शीघ्र चालू कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

लक्ष्मण सिंह खाती ने रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर को क्षेत्र की सभी प्रमुख मांगों का विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। महाप्रबंधक ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।

बैठक के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा रही कि सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती ने केवल औपचारिक उपस्थिति दर्ज नहीं कराई, बल्कि लालकुआं, हल्द्वानी, काठगोदाम, किच्छा, सितारगंज, खटीमा, रुद्रपुर और काशीपुर सहित पूरे संसदीय क्षेत्र की रेल जरूरतों को मजबूती से राष्ट्रीय मंच पर रखने का प्रयास किया। अब क्षेत्र की जनता की नजर रेलवे प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है कि ये मांगें कब तक जमीन पर उतरती हैं।

उत्तराखंड