नगर निगम का नाम, दरवाज़ा खुलते ही कैद हुई बुजुर्ग… फिर घर में मचा लूट का खौफनाक खेल।
दिनदहाड़े ‘नगर निगम कर्मचारी’ बनकर आए दो शातिर, सीसीटीवी किया बंद , बुजुर्ग को बांधा और जेवर-नकदी लेकर फरार।
दर्पण न्यूज 24×7 | देहरादून
राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गढ़वाली कॉलोनी में दो शातिर बदमाश नगर निगम कर्मचारी बनकर एक बुजुर्ग महिला के घर पहुंचे। आधार कार्ड दिखाने के बहाने उन्होंने घर का दरवाज़ा खुलवाया और अंदर घुसते ही महिला को बंधक बनाकर मारपीट की। इसके बाद सोने के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार गढ़वाली कॉलोनी गली नंबर-3 निवासी गीता काला ने बताया कि उनकी माता भुवनेश्वरी देवी घर पर अकेली रहती हैं। रविवार दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच दो युवक उनके घर पहुंचे और स्वयं को नगर निगम का कर्मचारी बताते हुए आधार कार्ड दिखाने की बात कहकर दरवाज़ा खुलवा लिया।
घर में प्रवेश करते ही दोनों बदमाशों ने सबसे पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग महिला का मोबाइल फोन छीन लिया और घर में रखी नकदी के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के हाथ और मुंह बांध दिए तथा उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके हाथ-पैरों में चोटें आईं।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश महिला के कानों से सोने के कुंडल, एक सोने की अंगूठी और घर में रखे करीब तीन हजार रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और रायपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस घटना के बाद गढ़वाली कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को केवल परिचय बताने पर घर में प्रवेश न दें और पहचान की पूरी पुष्टि करने के बाद ही दरवाज़ा खोलें।
