खबरें शेयर करें -

गुरुपूर्णिमा पर भक्तिरस में सराबोर होगा अष्टादशभुजा श्री महालक्ष्मी मंदिर।
बेरीपड़ाव स्थित ऐतिहासिक मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड, गुरु पूजन और भंडारे का होगा आयोजन।
हल्दूचौड़। गुरु-शिष्य परंपरा के पावन पर्व गुरुपूर्णिमा के अवसर पर यहां  बेरीपड़ाव, स्थित ऐतिहासिक अष्टादशभुजा श्री महालक्ष्मी मंदिर में बुधवार, 29 जुलाई को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
महामंडलेश्वर स्वामी बालकृष्ण यति महाराज द्वारा स्थापित अष्टादशभुजा श्री महालक्ष्मी मंदिर में आयोजित होने वाले गुरुपूर्णिमा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। मंदिर सेवा ट्रस्ट की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 11 बजे से गुरु पूजन का कार्यक्रम संपन्न होगा। धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत दोपहर 12 बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
मंदिर सेवा ट्रस्ट के महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वर यति महाराज ने गुरुपूर्णिमा के इस पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित करने और पुण्य लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि गुरुपूर्णिमा भारतीय सनातन परंपरा में गुरु के प्रति कृतज्ञता, श्रद्धा और समर्पण का पर्व है। गुरु के आशीर्वाद से जीवन को सही दिशा और आध्यात्मिक प्रकाश प्राप्त होता है।
मंदिर सेवा ट्रस्ट की ओर से क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं को इस धार्मिक आयोजन में सपरिवार सादर आमंत्रित किया गया है। गुरुपूर्णिमा के अवसर पर मंदिर में होने वाले सुंदरकांड, गुरु पूजन और भंडारे से पूरा वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद है।

उत्तराखंड