खबरें शेयर करें -

कुमाऊंनी गीतों पर झूमीं महिलाएं, गीता गुर्रानी के सिर सजा तीज क्वीन का ताज!

हरियाली तीज पर सोलह शृंगार में सजी महिलाओं ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा, झूले और रैंप वॉक ने बांधा समां!

धर्मेंद्र शर्मा संपादक दर्पण न्यूज 24/7

हल्द्वानी। हरियाली तीज के रंग में सराबोर हल्द्वानी में हिममंत्रा योगशाला की ओर से आयोजित तीज महोत्सव में महिलाओं ने जमकर धमाल मचाया। शहर के एक होटल में आयोजित समारोह में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर कुमाऊंनी संस्कृति और लोक परंपराओं की मनमोहक छटा बिखेरी।

कार्यक्रम का शुभारंभ शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद महिलाओं को घेवर का प्रसाद वितरित किया गया। कुमाऊंनी भजनों की मधुर धुन पर महिलाओं के कदम थिरके तो पूरा माहौल उत्सव के रंग में रंग गया। पारंपरिक झूलों के साथ रैंप वॉक और मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं ने भी खूब तालियां बटोरीं।

प्रतियोगिता में एलआईसी में कार्यरत गीता गुरानी ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए ‘तीज क्वीन’ का खिताब अपने नाम किया। उनके चयन पर महिलाओं ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया।

हिममंत्रा योगशाला की संचालिका हिमानी सनवाल ने कहा कि तीज जैसे आयोजन महिलाओं की प्रतिभाओं को मंच देने के साथ ही उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का काम करते हैं। योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, मेलजोल और सामाजिक जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं।

उत्तराखंड