खबरें शेयर करें -

भूमि नापने के लिए 30 हजार की घूस मां रहा पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार!

1064 पर शिकायत के बाद विजिलेंस का ट्रैप, तहसील में मचा हड़कंप!

नैनीताल। जमीन की नाप के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगना धारी तहसील के पटवारी निर्मल बोरा को भारी पड़ गया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने शनिवार, 26 सितंबर को पटवारी को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

बताया गया कि एक शिकायतकर्ता से भूमि की नाप कराने के बदले पटवारी ने 30 हजार रुपये की मांग की थी। रिश्वत देने के बजाय शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना सतर्कता विभाग की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर दी। प्रारंभिक जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस ने ट्रैप की कार्रवाई की।

सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल, हल्द्वानी में आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सतर्कता के निर्देशन में गठित टीम ने शनिवार को तहसील धारी में कार्रवाई करते हुए निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने ट्रैप टीम के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है। उन्होंने आम लोगों से सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत तत्काल सतर्कता विभाग तक पहुंचाने की अपील की। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1064 के अलावा वॉट्सऐप नंबर 9456592300 पर भी शिकायत की जा सकती है।

भूमि संबंधी काम के लिए रिश्वत की मांग का यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि सरकारी दफ्तरों में आम आदमी के जायज काम के लिए उसे आखिर कितनी कीमत चुकानी पड़ती है। सतर्कता की कार्रवाई ने यह भी साफ किया है कि शिकायत मिलने पर रिश्वतखोरी के मामलों में ट्रैप कार्रवाई की जा रही है।

उत्तराखंड