खबरें शेयर करें -

23 दिन से लापता पवन पंजाब में मिला! लालकुआं पुलिस ने खंगाले सुराग, खरड़ से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा!
13 अक्टूबर को घर से अचानक हुआ था लापता, परिवार को अनहोनी की सता रही थी आशंका; युवती से संपर्क और चंडीगढ़ बुलाए जाने के संदेह की भी हुई थी चर्चा!
हल्दूचौड़। लालकुआं क्षेत्र के दुम्काबंगर बच्चीधर्मा से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए पवन पंडा को पुलिस ने आखिरकार पंजाब के खरड़ से सकुशल बरामद कर लिया। करीब 23 दिनों से उसकी तलाश में जुटे परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद पवन को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मामले के अनुसार, पवन पंडा पुत्र रामचरन पंडा निवासी हरकिशनपुर चोरगलिया, हाल निवासी दुम्काबंगर बच्चीधर्मा, हल्दूचौड़ 13 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे अचानक घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने 20 अक्टूबर को थाना लालकुआं में तहरीर देकर गुमशुदगी और संभावित अनहोनी की आशंका जताई थी। इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 165/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
परिजनों ने पुलिस को बताया था कि पवन पूर्व में चंडीगढ़ में नौकरी करता था और इस दौरान उसकी एक युवती से संपर्क होने की बात सामने आई थी। परिवार को संदेह था कि घटना वाले दिन युवती ने चैट के माध्यम से उससे संपर्क किया और पैसे भेजकर उसे चंडीगढ़ बुलाया हो सकता है। हालांकि, इन आशंकाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
पंजाब तक पहुंची पुलिस की तलाश
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। एसपी हल्द्वानी, सीओ लालकुआं और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने सुरागरसी, पतारसी और मुखबिर तंत्र की मदद से पवन की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और पवन को पंजाब के खरड़ से सकुशल बरामद कर लिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
बरामदगी अभियान में उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी (चौकी प्रभारी हल्दूचौड़), कांस्टेबल गणेश गिरी, महिला कांस्टेबल लता जोशी और महिला कांस्टेबल रीना गंगवार शामिल रहे।
पवन की सकुशल बरामदगी से जहां परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं 23 दिनों से चल रही तलाश भी समाप्त हुई। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पवन किन परिस्थितियों में घर से निकला और पंजाब के खरड़ तक कैसे पहुंचा? इन परिस्थितियों की वास्तविकता पवन के बयान और पुलिस की आगे की जांच से ही स्पष्ट हो सकेगी।

उत्तराखंड