22 करोड़ खर्च, फिर भी मरीजों के लिए बंद पड़ा फैब्रिक वार्ड! बागेश्वर जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की खुली पोल!
छह दिन से खराब एंबुलेंस अस्पताल के बाहर खड़ी, शिशु गृह कक्ष पर भी लटका ताला, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो बागेश्वर। सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दावों के बीच बागेश्वर जिला अस्पताल की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। यहां करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फैब्रिक वार्ड वर्षों से मरीजों के इंतजार में बंद पड़ा है। अस्पताल परिसर में बना शिशु गृह कक्ष भी अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इतना ही नहीं, अस्पताल के बाहर पिछले छह दिनों से खराब पड़ी 108 एंबुलेंस स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि मरीजों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं तो आखिर इन निर्माण कार्यों का लाभ किसे मिल रहा है? इसी सवाल को लेकर कांग्रेस ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष भगत डसीला ने जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं पर कड़ा आक्रोश जताते हुए कहा कि एक ओर सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर करोड़ों की लागत से तैयार अस्पताल का फैब्रिक वार्ड वर्षों से बंद पड़ा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वार्ड का निर्माण मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किया गया था तो उसे अब तक संचालित क्यों नहीं किया गया?
डसीला ने कहा कि जिला अस्पताल पूरे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। यहां कपकोट, गरुड़, कांडा, दुगनाकुरी और दूरस्थ सीमांत गांवों के अलावा पिथौरागढ़ तथा गढ़वाल क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ और जरूरी दवाइयों का अभाव बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि समुचित उपचार नहीं मिलने पर मरीजों को अल्मोड़ा और हल्द्वानी के हायर सेंटरों की दौड़ लगानी पड़ती है।
उन्होंने अस्पताल के सबसे ऊपरी तल पर निर्मित फैब्रिक वार्ड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई साल पहले इसका निर्माण कराया गया, लेकिन आज तक मरीजों के लिए इसके दरवाजे नहीं खुले। सवाल यह है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी यदि मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल रहा तो इस देरी की जिम्मेदारी कौन लेगा?
कांग्रेस नेता ने अस्पताल परिसर में निर्मित शिशु गृह कक्ष के अब तक शुरू नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने इसके निर्माण पर खर्च हुई धनराशि का सार्वजनिक विवरण उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना था कि सरकारी धन से तैयार सुविधाएं केवल भवन बनकर रह जाएं और जरूरतमंद मरीज उनका लाभ न उठा सकें तो यह स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर विफलता है।
108 एंबुलेंस सेवा की बदहाली पर सवाल उठाते हुए डसीला ने बताया कि जिला अस्पताल के बाहर पिछले छह दिनों से एक खराब एंबुलेंस खड़ी है, लेकिन उसे ठीक कराने की दिशा में कोई प्रभावी पहल नजर नहीं आ रही। आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण होती है, यह किसी से छिपा नहीं है। ऐसे में एंबुलेंस सेवा की यह स्थिति मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ाने वाली है।
डसीला ने चेतावनी दी कि जिला अस्पताल के साथ-साथ जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियुक्ति, आवश्यक दवाइयों और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बंद पड़े फैब्रिक वार्ड और शिशु गृह कक्ष को तत्काल शुरू किया जाए तथा 108 एंबुलेंस सेवा को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के हितों को लेकर सड़कों पर उतरेगी और व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।
अब बड़ा सवाल यही है कि बागेश्वर जिला अस्पताल में करोड़ों की लागत से बने भवन आखिर कब मरीजों के काम आएंगे? क्या स्वास्थ्य विभाग बंद पड़े वार्डों को शुरू कराने और बदहाल व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए कोई ठोस कदम उठाएगा, या फिर मरीज इसी तरह बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों की दौड़ लगाते रहेंगे?

