लालकुआं में 2027 की सियासी बिसात! कोश्यारी-धामी के आगमन से गरमाएगा चुनावी माहौल, दीपेंद्र की दावेदारी को मिल सकती है नई धार!
बिंदुखत्ता के लोकथात महोत्सव के मंच पर जुटेंगे प्रदेश की राजनीति के दो बड़े चेहरे, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी के निकाले जा रहे सियासी मायने, क्या 2027 के लिए दीपेंद्र कोश्यारी के पक्ष में बनेगा माहौल?
प्रमोद बमेटा दर्पण न्यूज 24/7
लालकुआं। विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच लालकुआं की सियासत में अभी से नई हलचल दिखाई देने लगी है। बिंदुखत्ता में 21 से 23 नवंबर तक आयोजित होने जा रहे तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित आगमन ने राजनीतिक चर्चाओं को नई हवा दे दी है। भले ही आयोजन का घोषित उद्देश्य उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला का संरक्षण है, लेकिन बदलते राजनीतिक परिदृश्य में इस मंच के सियासी मायने भी तलाशे जाने लगे हैं।
लालकुआं विधानसभा में भाजपा के टिकट को लेकर संभावित दावेदारों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के भतीजे और भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी की दावेदारी भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। दीपेंद्र क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता और संपर्कों के जरिए अपनी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में उनके चाचा भगत सिंह कोश्यारी का बिंदुखत्ता पहुंचना स्वाभाविक रूप से राजनीतिक नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनीतिक चर्चाएं इससे भी आगे बढ़ रही हैं। 21 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी और 23 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना को कुछ राजनीतिक जानकार लालकुआं विधानसभा में भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं। चर्चाओं के मुताबिक, इस मंच के जरिए दीपेंद्र कोश्यारी की राजनीतिक दावेदारी को मजबूती मिलने की संभावनाओं पर भी निगाहें टिकी हैं। हालांकि, दोनों वरिष्ठ नेताओं का आगमन किसी दावेदार के समर्थन या टिकट के संकेत के रूप में आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं हुआ है।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि लालकुआं विधानसभा में भाजपा के भीतर संभावित प्रत्याशियों को लेकर अभी से गुणा-भाग शुरू हो चुका है। मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के साथ ही पूर्व विधायक नवीन दुमका,उमेश शर्मा,कमल मुनि,कमलेश चन्दोला,देवेंद्र बिष्ट,समेत कई अन्य दावेदार भी अपनी राजनीतिक सक्रियता बनाए हुए हैं। ऐसे में भगत सिंह कोश्यारी जैसे वरिष्ठ नेता की मौजूदगी और मुख्यमंत्री धामी का प्रस्तावित आगमन स्थानीय राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा को स्वाभाविक रूप से तेज कर सकता है।
दीपेंद्र कोश्यारी के लिए यह आयोजन केवल पारिवारिक राजनीतिक विरासत से जुड़ाव दिखाने का अवसर होगा या फिर उनकी दावेदारी को व्यापक राजनीतिक पहचान दिलाने का मंच बनेगा, यह देखना दिलचस्प होगा। वहीं मुख्यमंत्री धामी की मौजूदगी को लेकर भी भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई है।
बहरहाल, 21 से 23 नवंबर तक होने वाला लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव लोकसंस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ लालकुआं की सियासत में भी चर्चा का केंद्र बनने जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि इस मंच से संस्कृति का संदेश कितना मुखर होता है और इसके इर्द-गिर्द उठ रही राजनीतिक चर्चाएं 2027 के चुनावी समीकरणों को कितनी दिशा देती हैं।

