पहाड़ में खाई और नदी ने लील ली चार जिंदगियां, कुमाऊं में दो हादसों से पसरा मातम!
अल्मोड़ा। कुमाऊं मंडल में मंगलवार का दिन दर्द और मातम लेकर आया। अल्मोड़ा जिले में हुए दो अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। एक हादसे में कार गहरी खाई में गिर गई, जबकि दूसरे हादसे में कोसी नदी में नहाने गए दो युवक डूब गए। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पहला हादसा रानीखेत तहसील के ताड़ीखेत ब्लॉक स्थित सौनी बिनसर क्षेत्र के तितालीखेत में हुआ। जानकारी के अनुसार एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद खाई से दो शवों को बाहर निकाला गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत चिकित्सालय भेज दिया गया है। मृतकों में एक की पहचान हल्द्वानी के बिठौरिया नंबर-1 निवासी जीवन चंद्र जोशी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ। एक मोबाइल कॉल के आधार पर एक मृतक की पहचान संभव हो पाई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
उधर दूसरा हादसा अल्मोड़ा मुख्यालय के समीप देवस्थल क्षेत्र में हुआ। यहां पांच दोस्त कोसी नदी में नहाने पहुंचे थे। इस दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया।
टीम ने दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान सोनू कनवाल (26) निवासी दुगालखोला, अल्मोड़ा तथा धीरज गड़िया (37) निवासी मोटाहल्दू, हल्द्वानी (मूल निवासी बागेश्वर) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक ही दिन में चार लोगों की मौत से कुमाऊं क्षेत्र स्तब्ध है। हादसों की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में मातम छा गया। स्थानीय लोगों ने भी घटनाओं पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी-नालों और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
