न नकदी, न जेवर… आधी रात 8 फीट दीवार फांदकर घर में घुसा शख्स, चुरा ले गया महिलाओं के कपड़े!
सीसीटीवी में कैद हुई हैरान करने वाली करतूत!
हल्द्वानी में अजीबोगरीब चोरी से सनसनी, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस से कार्रवाई की मांग
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी
हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोगों को हैरानी में डाल दिया है। आमतौर पर चोर घरों से नकदी, जेवरात या कीमती सामान चुराते हैं, लेकिन यहां एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति आधी रात को आठ फीट ऊंची दीवार फांदकर घर में घुसा और आंगन में सूख रहे महिलाओं के कपड़े चोरी कर फरार हो गया। उसकी पूरी हरकत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मामला वार्ड नंबर-9 स्थित आनंदपुरी महेश नगर का है। बताया जा रहा है कि 19 जून की रात करीब 3:30 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति गली में घूमता दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज में वह पहले आसपास का जायजा लेता है और फिर उसकी नजर एक घर के आंगन में सूख रहे कपड़ों पर पड़ती है।
इसके बाद संदिग्ध बिना किसी हिचकिचाहट के करीब आठ फीट ऊंची दीवार फांदकर घर के भीतर प्रवेश कर जाता है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि वह आंगन में टंगे कपड़ों को एक-एक कर उतारता है और उन्हें अपने लोअर के अंदर छिपाने लगता है। कपड़े समेटने के बाद वह उसी दीवार को फांदकर बाहर निकल जाता है।
हैरानी की बात यह है कि बाहर निकलने के बाद भी वह कुछ देर तक घर के आसपास मंडराता रहता है और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद मौके से फरार हो जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार संदिग्ध ने टी-शर्ट, लोअर और स्पोर्ट्स शूज पहन रखे थे। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि जब कोई व्यक्ति इतनी आसानी से ऊंची दीवार फांदकर घर के भीतर घुस सकता है, तो भविष्य में किसी बड़ी आपराधिक घटना की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने इसे मानसिक विकृति से जुड़ा मामला बताया, जबकि कुछ लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल स्थानीय लोगों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि यह रहस्यमयी कपड़ा चोर कब तक पुलिस की गिरफ्त में आता है।
दर्पण न्यूज 24/7 इस मामले पर नजर बनाए हुए है। पुलिस की कार्रवाई और जांच से जुड़े हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए।
