








पेड़ पर चढ़ा गुलदार पकड़ा, गर्भवती मादा का सुरक्षित रेस्क्यू!
वन विभाग की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, आबादी में मचा हड़कंप!
दर्पण न्यूज 24/7 रामनगर। घनी आबादी के बीच पेड़ पर चढ़े एक गुलदार को वन विभाग की टीम ने सूझबूझ और सतर्कता के साथ रेस्क्यू कर सुरक्षित काबू कर लिया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा खतरा टल गया।
जानकारी के अनुसार, रामनगर के लुटाबड़ क्षेत्र में बुधवार सुबह एक गुलदार कटहल के पेड़ पर चढ़ा दिखाई दिया। आबादी के बीच जंगली जानवर दिखने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे स्थिति और भी संवेदनशील हो गई।
सूचना मिलते ही तराई पश्चिमी वन प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंज अधिकारी पूरन सिंह खनायत के नेतृत्व में उच्च अधिकारियों से अनुमति लेकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। भीड़ को नियंत्रित करते हुए टीम ने रणनीति के तहत ट्रैंकुलाइजर का इस्तेमाल किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दुष्यंत शर्मा और उनकी टीम ने अहम भूमिका निभाई। उनकी निगरानी में गुलदार को बेहोश कर सावधानीपूर्वक पेड़ से नीचे उतारा गया।
जांच में सामने आया कि पकड़ा गया गुलदार मादा है, जिसकी उम्र करीब 4 से 5 वर्ष है और वह गर्भवती भी है। इस कारण रेस्क्यू ऑपरेशन और अधिक संवेदनशील हो गया था।
वन विभाग के अनुसार, यह गुलदार पिछले कुछ समय से लुटाबड़ क्षेत्र में सक्रिय था और कई पालतू जानवरों का शिकार कर चुका था। इसे पकड़ने के लिए पहले पिंजरा भी लगाया गया था, लेकिन वह उसमें नहीं फंसा।
फिलहाल गुलदार को प्राथमिक उपचार देने के बाद सुरक्षित जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया जारी है। वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल एक वन्यजीव की जान बची, बल्कि क्षेत्र में किसी बड़ी अनहोनी को भी टाल दिया गया।
