खबरें शेयर करें -

आज से खुलेगा पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक, 15 जून तक पर्यटकों के लिए रहेगा खुला!
दर्पण न्यूज 24/7 बागेश्वर। जनपद के प्रमुख पर्यटन आकर्षण पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक को इस वर्ष भी 15 अप्रैल से 15 जून तक पर्यटकों, ट्रैकर्स और पर्वतारोहण अभियानों के लिए खोल दिया गया है। प्रशासन ने ट्रैक को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी पीके गौतम ने बताया कि ट्रैक मार्ग पर पर्यटकों की सुविधा, समन्वय और मार्गदर्शन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि आगंतुकों को सुरक्षित और बेहतर अनुभव मिल सके। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित पिंडारी ग्लेशियर अपनी अद्वितीय प्राकृतिक सुंदरता और रोमांच के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
ट्रैकिंग के लिए पंजीकरण हिचोड़ी इको-टूरिज्म पंजीकरण केंद्र और जैकुनी इको-टूरिज्म पंजीकरण केंद्र में किया जाएगा। दुर्गम मार्ग और अनिश्चित मौसम को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। दोनों पंजीकरण केंद्रों पर 24 घंटे वन कर्मियों की तैनाती रहेगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ट्रैक को प्लास्टिक एवं ठोस अपशिष्ट मुक्त रखने के लिए पर्यटकों से एफडीआर (सुरक्षा धनराशि) जमा कराई जाएगी। ट्रैकिंग के दौरान उत्पन्न कचरे को निर्धारित स्थान पर जमा कराने के बाद यह राशि वापस कर दी जाएगी।
प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे ट्रैकिंग के दौरान प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करें और कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि इस प्राकृतिक धरोहर की सुंदरता और स्वच्छता बनी रहे।