खबरें शेयर करें -

तेहरान में भीषण हमले से मचा हड़कंप, तेल डिपो और ईंधन भंडारण केंद्रों में लगी भीषण आग!
अमेरिका–इजरायल की संयुक्त कार्रवाई बताई जा रही, आसमान में उठे काले धुएं के विशाल गुबार।
तेहरान। तेहरान में देर रात हुए भीषण हमले के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि अमेरिका और इजरायल की संयुक्त कार्रवाई में शहर के प्रमुख तेल डिपो और ईंधन भंडारण केंद्रों को निशाना बनाया गया। हमले के बाद जोरदार धमाकों से पूरा क्षेत्र दहल उठा और तेल टैंकों में लगी आग से आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार उठने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाकों के तुरंत बाद कई स्थानों से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। आग इतनी भयावह थी कि तेहरान के कई हिस्सों से धुएं का गुबार साफ नजर आ रहा था। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत व बचाव अभियान शुरू किया गया।
सूत्रों के मुताबिक इस हमले में ईरान के ऊर्जा ढांचे को खास तौर पर निशाना बनाया गया। माना जा रहा है कि तेल भंडारण टैंकों और ईंधन डिपो पर मिसाइलें दागी गईं, जिससे कई जगह भीषण विस्फोट हुए और आग तेजी से फैल गई। हालांकि अब तक नुकसान और हताहतों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
हमले के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ गया है। पहले से ही क्षेत्र में जारी संघर्ष के बीच इस कार्रवाई को बड़ा सैन्य कदम माना जा रहा है। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस घटना के बाद ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई की संभावना भी बढ़ गई है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं।
वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस हमले को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई देशों ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है और हालात पर नजर रखी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जवाबी हमले होते हैं तो इसका असर न सिर्फ क्षेत्रीय सुरक्षा बल्कि वैश्विक तेल बाजार पर भी पड़ सकता है।

दर्पण न्यूज 24/7

उत्तराखंड