गैस संकट पर प्रशासन का कड़ा फैसला: अब डीएसी के बाद लंबित मांग के क्रम में मिलेगा सिलेंडर पारदर्शिता के साथ दी जाएगी होम डिलीवरी!
दर्पण न्यूज 24/7, लालकुआं।
लालकुआं तहसील क्षेत्र में चरमराई गैस आपूर्ति के बीच जिला पूर्ति विभाग ने बड़ा निर्णय लेते हुए वितरण व्यवस्था को पूरी तरह क्रमबद्ध करने की पहल की है। अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर डीएसी मिलने के बाद लंबित मांग के क्रम में दिया जाएगा और डिलीवरी जिला प्रशासन के निर्देशों के क्रम में केवल घर पर ही दी जाएगी।
पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में सुरुचि और आशीर्वाद गैस एजेंसियों में लगभग 7-7 दिन की लंबित मांग चल रही है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग पहले की है, उन्हें उसी क्रम में प्राथमिकता देते हुए सिलेंडर वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था का उद्देश्य गैस वितरण में पारदर्शिता लाना और मनमानी पर रोक लगाना है जिससे वास्तविक उपभोक्ताओं को उनका हक समय पर मिल सके।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मन ने भी स्पष्ट किया कि विभाग पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के इस फैसले को गैस संकट के बीच व्यवस्था सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
