खबरें शेयर करें -

हल्दूचौड़ के बाद लालकुआं में फिर रफ्तार का कहर!

एक ही दिन में दो हादसे, तेज रफ्तार वाहनों पर उठे सवाल, स्कूटी सवार गंभीर!

लालकुआं। हल्दूचौड़ में डंपर की चपेट में आकर पिता-पुत्री के गंभीर हादसे के बाद अब लालकुआं में भी तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। एक ही दिन में सामने आए दो सड़क हादसों ने क्षेत्र में ओवरस्पीडिंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गुरुवार को लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में मुक्ति धाम के पास तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बिंदुखत्ता निवासी मनोज कर्नाटक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार को भी नुकसान पहुंचा।

बताया जा रहा है कि मनोज स्कूटी से लालकुआं की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके से जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हादसों की कड़ी, सवालों के घेरे में रफ्तार

हल्दूचौड़ में दर्दनाक हादसे के बाद लालकुआं में हुई यह दुर्घटना महज संयोग है या क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी का नतीजा—यह जांच का विषय है। हालांकि हादसे का वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी निगरानी जरूरी है। दुर्घटना संभावित स्थानों पर यातायात नियंत्रण, स्पीड मॉनिटरिंग और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए तो हादसों का खतरा कम किया जा सकता है।

सवाल यह है कि सड़क पर हादसा होने के बाद कार्रवाई कब तक होती रहेगी और हादसों को रोकने के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्था कब दिखाई देगी?

उत्तराखंड