

कुष्ठ आश्रम में पहुंची सीएमओ, वृद्धजनों का जाना हाल
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ फल और छाछ का वितरण।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो
हल्द्वानी। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने राजपुरा स्थित कुष्ठ आश्रम में सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने आश्रम पहुंचकर वहां निवास कर रहे कुष्ठ प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों की जानकारी ली।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीपी मशीन, शुगर मशीन, विटाडीन और रुई सहित फल एवं छाछ वितरित की गई। सीएमओ ने आश्रम में निवासरत लोगों को हरसंभव स्वास्थ्य सेवा एवं सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आश्रम में रहने वाले लोगों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार उपचार और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
चिकित्सालयों में भी हुए कार्यक्रम!
वृद्धजन दिवस के अवसर पर नैनीताल जिले के विभिन्न चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वास्थ्य केंद्रों पर वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान फल वितरित कर वृद्धजनों के स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की गई।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। वृद्धजनों और जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक, संवेदनशील और निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल, डॉ. रजत भट्ट, डॉ. रेनू सूठा, मदन मेहरा, अजय भट्ट, मनोज मर्तोलिया और देवेंद्र बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
