अंकिता कांड के वायरल ऑडियो पर पुलिस का शिकंजा
पूर्व विधायक के बाद अभिनेत्री उर्मिला सनावर के घर नोटिस चस्पा, दोनों भूमिगत।
हरिद्वार।
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल ऑडियो प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर के बाद अब अभिनेत्री उर्मिला सनावर के घर पर भी पुलिस ने नोटिस चस्पा कर उन्हें थाने में पेश होने के निर्देश दिए हैं। इस पूरे मामले के बाद से पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर दोनों ही भूमिगत बताए जा रहे हैं।
पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए थे। ऑडियो सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई और मामला तूल पकड़ता चला गया।
इस प्रकरण को लेकर संत शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बहादराबाद थाने में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि दोनों ने झूठे आरोप लगाकर महापीठ के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत गौतम की छवि धूमिल करने का प्रयास किया।
पुलिस ने बीते शनिवार को सुरेश राठौर के हरिद्वार स्थित आवास पर नोटिस चस्पा किया था, लेकिन वह थाने में पेश नहीं हुए। रविवार को उनकी पत्नी रविंद्र कौर थाने पहुंचीं और बताया कि उनके पति बाहर गए हुए हैं। इसके बाद पुलिस की एक टीम सहारनपुर पहुंची, जहां अभिनेत्री उर्मिला सनावर के घर पर भी नोटिस चस्पा किया गया। बताया गया कि घर पर न मिलने के कारण नोटिस बाहर लगाया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय पर थाने में पेश नहीं हुआ गया तो आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व उर्मिला सनावर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने पुलिस के पीछे पड़े होने की बात कही थी। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इस संबंध में एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि पुलिस टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
