खबरें शेयर करें -

तिरंगा यात्रा से हरेंद्र बोरा ने फूंका 2027 का चुनावी बिगुल, अवैध नशे और माफिया राज के खात्मे का लिया संकल्प!!
लालकुआँ।
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरेंद्र बोरा के नेतृत्व में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकालकर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव का जोरदार आगाज किया गया। हल्दूचौड़ पंचायत घर से प्रारंभ हुई यह यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक तक पहुँची, जहाँ राष्ट्रभक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
यात्रा में सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने हाथों में तिरंगा थामे देशभक्ति के नारों के साथ क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया। हरेंद्र बोरा ने जनसमूह को संबोधित करते हुए वीर शहीदों के बलिदान को नमन किया और वर्तमान सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और महिला अपराधों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की।
बोरा ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को उठाते हुए आरोप लगाया कि लालकुआँ आज अवैध नशे और शराब के कारोबार की मंडी बन चुका है, जहाँ सत्तापक्ष के संरक्षण के चलते प्रशासन भी असहाय नजर आ रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में घोषणा की कि यदि 2027 में कांग्रेस पार्टी उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो वे क्षेत्र से गुंडागर्दी और माफिया राज का समूल नाश करेंगे और अवैध नशे के सौदागर सलाखों के पीछे होंगे।
हरेंद्र बोरा ने इस तिरंगा यात्रा को प्रतिवर्ष आयोजित करने का संकल्प लेते हुए सभी क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और भ्रष्टाचार मुक्त लालकुआँ बनाने का आह्वान किया।
— दर्पण न्यूज 24/7