सेलाकुई में नशे का काला खेल: बीएससी एग्रीकल्चर का छात्र 3.291 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो!
देहरादून।
सेलाकुई थाना पुलिस ने गुरुवार को चेकिंग के दौरान एक बीएससी छात्र को गांजा तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 किलो 291 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ललटू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मधोपुर, बिहार का निवासी है और वर्तमान में विद्या बिहार, बंजारा गली, सेलाकुई में रह रहा था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह एक निजी शिक्षण संस्थान में बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष का छात्र है।
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक पी.डी. भट्ट ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशे का धंधा शुरू किया। वह गांजा बिहार के मधोपुर निवासी तरुण यादव नामक व्यक्ति से लाता था और उसे शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों तथा औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों को ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। हालांकि, बिक्री से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मुख्य सप्लायर तरुण यादव की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
