खबरें शेयर करें -

“चाय पर चर्चा” में गरजा बिंदुखत्ता का जनसैलाब
लालकुआं तहसील में एकदिवसीय धरने से उठा राजस्व गांव का बुलंद स्वर!

लालकुआं। बिन्दुखत्ता वनाधिकार समिति द्वारा लालकुआं तहसील प्रांगण में आयोजित एकदिवसीय धरना कार्यक्रम “चाय पर चर्चा” के नाम से खासा चर्चा में रहा। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने शिरकत कर राज्य सरकार से बिंदुखत्ता को अविलंब राजस्व गांव घोषित करने की जोरदार मांग की।

धरना स्थल पर बिंदुखत्ता से जुड़े तमाम राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में सरकार से वर्षों से लंबित इस मांग को पूरा करने की अपील की। कार्यक्रम में मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली, जिन्होंने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाए जाने के लिए सरकार से ठोस और सख्त कदम उठाने की मांग की।

प्रातः से दोपहर तक चले धरना कार्यक्रम में लगभग दो दर्जन से अधिक वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कांग्रेस, भाजपा, पूर्व सैनिक संगठन तथा वनाधिकार समिति से जुड़े प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को सर्वदलीय और व्यापक जनसमर्थन वाला स्वरूप दिया।

धरने के माध्यम से यह संदेश साफ तौर पर दिया गया कि बिंदुखत्ता की जनता अब अपने अधिकारों को लेकर एकजुट है और राजस्व गांव की मांग पर किसी भी प्रकार की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उत्तराखंड