सरोवर नगरी में बड़ा हादसा: रामपुर के पांच पर्यटक 50 मीटर गहरी खाई में गिरी कार से गंभीर रूप से घायल, एक घंटे चला रेस्क्यू।
दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल।
सरोवर नगरी नैनीताल घूमकर लौट रहे उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी पर्यटकों के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। देर रात हनुमानगढ़ी के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। 108 एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर के केशवपुर निवासी तेजेंद्र सिंह अपने साथियों करनदीप सिंह, विक्रमजीत सिंह, अकबाल सिंह और हिमांशु के साथ वाहन संख्या यूपी-16-एएल-0982 से नैनीताल घूमने आए थे। देर रात सभी वापस लौट रहे थे कि हनुमानगढ़ी के आगे वाहन तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि कार नीचे जाकर एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अत्यधिक तेज रफ्तार में थी और चालक लगातार ओवरटेक कर रहा था। एक चश्मदीद ने आशंका जताई कि चालक नशे की हालत में हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नैनीताल के सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि सभी घायल रामपुर निवासी हैं। पुलिस, एसडीआरएफ, दमकल विभाग तथा स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर सभी को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
