यूओयू के छात्रों को बड़ी राहत, अब फीस जमा करने पर नहीं लगेगा अतिरिक्त चार्ज।
पीएनबी के सहयोग से शुरू हुआ नया पेमेंट गेटवे, निर्धारित फीस के अलावा नहीं देना होगा कोई अतिरिक्त शुल्क।
दर्पण न्यूज 24×7 | हल्द्वानी
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) ने छात्र हित में एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए ऑनलाइन फीस भुगतान प्रणाली को पूरी तरह शुल्क-मुक्त बना दिया है। अब विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित प्रवेश शुल्क के अलावा किसी भी प्रकार का कन्वीनियंस चार्ज या पेमेंट प्रोसेसिंग शुल्क नहीं देना होगा। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की रेलवे बाजार शाखा के तकनीकी सहयोग से शुरू किए गए नए डिजिटल पेमेंट गेटवे के माध्यम से यह सुविधा तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
अब विद्यार्थी यूपीआई, नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों से बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ऑनलाइन फीस जमा कर सकेंगे। इससे छात्रों और अभिभावकों पर पड़ने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ समाप्त होगा और डिजिटल भुगतान प्रक्रिया पहले से अधिक सरल, सुरक्षित और पारदर्शी बनेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पहले ऑनलाइन फीस जमा करने के दौरान विद्यार्थियों को निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त कन्वीनियंस चार्ज भी देना पड़ता था। लंबे समय से छात्रों की इस समस्या को देखते हुए विश्वविद्यालय ने पंजाब नेशनल बैंक के साथ समन्वय स्थापित कर नया भुगतान गेटवे विकसित कराया। इसकी शुरुआत के साथ ही विद्यार्थियों को सीधे राहत मिलनी शुरू हो गई है।
विश्वविद्यालय ने बताया कि नए पेमेंट गेटवे के माध्यम से अब तक दो लाख रुपये से अधिक की प्रवेश शुल्क राशि सफलतापूर्वक जमा की जा चुकी है। आने वाले समय में परीक्षा संबंधी सभी ऑनलाइन शुल्क भी इसी गेटवे के माध्यम से जमा किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को हर प्रकार के भुगतान के लिए एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा।
कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है। अतिरिक्त शुल्क की समस्या का स्थायी समाधान कर दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल विश्वविद्यालय की पारदर्शी, आधुनिक और छात्र-केंद्रित डिजिटल व्यवस्था को और मजबूत करेगी।
प्रवेश प्रभारी डॉ. सुमित प्रसाद ने बताया कि ग्रीष्मकालीन प्रवेश सत्र में अब तक 9,500 से अधिक विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं। नए भुगतान गेटवे के सफल संचालन के बाद परीक्षा शुल्क सहित अन्य ऑनलाइन भुगतान सेवाओं को भी इसी प्रणाली से जोड़ा जाएगा।
वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. गिरिजा पाण्डेय ने इस पहल को छात्र हित में सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे डिजिटल भुगतान प्रणाली के प्रति विद्यार्थियों का विश्वास और मजबूत होगा। उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक से विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो ‘हेलो हल्द्वानी’ के माध्यम से वित्तीय साक्षरता से जुड़े कार्यक्रम प्रसारित करने का सुझाव भी दिया, ताकि विद्यार्थी सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक हो सकें।
पीएनबी रेलवे बाजार शाखा की प्रबंधक बबीता कांडपाल ने कहा कि बैंक सुरक्षित, सरल और शुल्क-मुक्त डिजिटल भुगतान सुविधा उपलब्ध कराकर शिक्षा को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। इस अवसर पर बैंक की ओर से विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो ‘हेलो हल्द्वानी’ की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए एक स्मार्टफोन भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव खेमराज भट्ट ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है और भविष्य में भी विश्वविद्यालय छात्र सुविधाओं को बढ़ाने के लिए ऐसे नवाचार करता रहेगा।
