चलती कार से लटककर स्टंट पड़ा भारी, लखनऊ के युवकों को काठगोदाम पुलिस ने सिखाया सबक।
दर्पण न्यूज 24×7 | हल्द्वानी
“कुछ सेकेंड की वायरल रील, लेकिन दांव पर थी कई जिंदगियां…” नैनीताल की खूबसूरत वादियों में सोशल मीडिया की सनक एक बार फिर जानलेवा साबित होते-होते बची। चलती कार की खिड़कियों से बाहर लटककर स्टंट करते हुए रील बना रहे लखनऊ के युवकों को काठगोदाम पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने न केवल वाहन का चालान किया, बल्कि शीशों पर लगी प्रतिबंधित काली फिल्म भी मौके पर ही उतरवा दी।
मंगलवार शाम नैनीताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर तेज रफ्तार कार में सवार कुछ युवक खिड़कियों से बाहर निकलकर खतरनाक अंदाज में वीडियो बना रहे थे। सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की नजर जैसे ही इस स्टंट पर पड़ी, लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी दिलीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन को रोक लिया। जांच में कार के शीशों पर नियमों के विपरीत ब्लैक फिल्म लगी मिली, जिसे तत्काल हटवा दिया गया। इसके बाद स्टंटबाजी और यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन का चालान किया गया।
पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे लखनऊ से नैनीताल घूमने आए थे और वापस लौटते समय सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए यह जोखिम भरा स्टंट कर रहे थे। पुलिस ने सभी युवकों को कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न दोहराने की चेतावनी देकर छोड़ दिया।
इस पूरे मामले पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दो टूक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “नैनीताल आने वाले पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन पर्यटन की आड़ में हुड़दंग और स्टंटबाजी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क को फिल्म सेट समझने वालों के खिलाफ भारी चालान, वाहन सीज करने और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज़ के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।
दर्पण न्यूज 24×7
